दंतेश्वरी मंदिर के सामने BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, नारेबाजी के बाद धक्का-मुक्की

जगदलपुर। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने होने वाले दीपोत्सव को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। आयोजन स्थल पर डेढ़ लाख से ज्यादा दीये सजाए गए हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया।

विवाद की सूचना पर डिप्टी CM विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उनके लौटने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान एक-दूसरे की ओर जूते-चप्पल फेंके जाने की स्थिति भी बनी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी।

दुकानों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर विवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शाम को दीप प्रज्वलन होना है। आयोजन के चलते यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

कांग्रेस ने मंदिर के सामने व्यापारिक दुकानों के बंद होने और फुटकर व्यापारियों को दुकान नहीं लगाने देने का विरोध किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आयोजन के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मंदिर के द्वार बंद नहीं किए गए हैं और श्रद्धालुओं के दर्शन पर रोक नहीं है।

डिप्टी CM से भी हुई बहस

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के दौरान डिप्टी CM विजय शर्मा मौके पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी करीब 5-6 मिनट तक बहस और नोकझोंक हुई।

डिप्टी CM के लौटने के बाद भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

धक्का-मुक्की के बाद फेंके जूते-चप्पल

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। करीब 40-45 मिनट तक मौके पर गहमागहमी रही। पुलिस के साथ बस्तर IG और CSP समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। फिलहाल सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।

BJP और कांग्रेस ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

BJP मेयर संजय पांडेय ने आरोप लगाया कि दीपोत्सव का विरोध करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे थे और डिप्टी CM के साथ बदतमीजी की गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की ओर से भी जूते फेंके गए।

वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि दीपोत्सव के नाम पर छोटे व्यापारियों की दुकानें बंद कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों और श्रद्धालुओं के मुद्दे को लेकर विरोध कर रही है।

दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close