झीरम कांड का सच सामने लाने की मांग, अजय सिंह बोले- देवा का नार्को टेस्ट हो

बीजापुर। पूर्व कांग्रेस नेता और युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह ने झीरम घाटी हत्याकांड की साजिश का सच सामने लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। ऐसे में सरकार को मामले से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट करना चाहिए।
अजय सिंह ने खुद को झीरम कांड का पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शी बताते हुए कहा कि अगर सरकार घटना की साजिश की पूरी जानकारी सामने लाना चाहती है, तो देवा समेत मामले से जुड़े प्रमुख आरोपियों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। उनका दावा है कि इससे घटना से जुड़े सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।
देवा समेत आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की मांग
अजय सिंह ने सरकार से देवा और अन्य आरोपियों को कोर्ट में पेश करने और उनके खिलाफ पूरा चालान पेश करने की मांग की। उन्होंने यह भी पूछा कि झीरम कांड से जुड़े मामलों में कितने लोग आरोपी हैं, कितनों के खिलाफ वारंट जारी हुए और किन मामलों को वापस लिया गया।
उन्होंने सरकार से इन मामलों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
NIA कोर्ट के फैसले पर भी सवाल
अजय सिंह ने NIA कोर्ट के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा कि वह इससे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि घटना में हथियारों का इस्तेमाल हुआ था, इसलिए सिर्फ 10 लोगों को दोषी ठहराए जाने के बाद भी कई सवाल बाकी हैं।
उनका कहना है कि झीरम कांड के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी दोबारा विचार होना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी उठाए सवाल
बीजापुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर ने भी झीरम घाटी हमले में न्याय को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में पहले जिन लोगों के नाम सामने आए थे, उनकी भूमिका की दोबारा निष्पक्ष जांच नहीं हुई।
उन्होंने सरकार से मांग की कि झीरम कांड से जुड़े आरोपियों की जांच और कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक की जाए और बताया जाए कि किन मामलों में जांच अभी लंबित है।











