WhatsApp पर APK फाइल आई, ऑटो डाउनलोड होते ही खाते से उड़ गए 4.15 लाख

खम्हारडीह इलाके के लाभांडी में रहने वाले कारोबारी तनुज अग्रवाल के व्हाट्सऐप पर 12 सितंबर को एक APK फाइल आई थी। मोबाइल में ऑटो डाउनलोड फीचर ऑन होने के कारण फाइल अपने आप डाउनलोड हो गई।
इसके बाद उनके बैंकिंग माध्यमों से कुल 4 लाख 15 हजार 529 रुपए निकाल लिए गए। इसमें बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से करीब 70 हजार रुपए, जबकि यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से यूपीआई के जरिए करीब 3 लाख 45 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए।
ठगी का पता चलने के बाद कारोबारी ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद खम्हारडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि APK फाइल किस नंबर से भेजी गई थी और रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई। साइबर और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।











