स्कूल में छात्र को प्रिंसिपल ने मारा थप्पड़, वीडियो बनाने के दौरान हुई घटना

बलौदाबाजार के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक और प्रिंसिपल को लेकर विवाद सामने आया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल के शिक्षक नरेश तिवारी पर छात्राओं से गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। उन पर शराब के नशे में स्कूल आने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि छात्रों ने शिक्षक की शिकायत करने की बात कही तो उन्हें फेल करने की धमकी दी गई। इसके बाद छात्र अपने परिजनों के साथ प्रिंसिपल से शिकायत करने पहुंचे।
इसी दौरान स्कूल में कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों और प्रिंसिपल के बीच विवाद हो गया। बातचीत के दौरान एक छात्र मोबाइल से वीडियो बना रहा था। आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्र को वीडियो बनाने से मना किया और कहा, ‘दिस इज माय ऑर्डर।’
छात्र के वीडियो बनाते रहने पर प्रिंसिपल ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद स्कूल में विवाद बढ़ गया और मीडियाकर्मी प्रिंसिपल पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए स्कूल के सामने धरने पर बैठ गए।
मामले की शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम स्कूल पहुंची और विद्यार्थियों, परिजनों, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन से जानकारी ली।
जांच के बाद पुलिस शिक्षक नरेश तिवारी को मेडिकल जांच यानी मुलाहिजा के लिए अपने साथ ले गई। शिक्षक के शराब के नशे में होने समेत लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल इस पूरे मामले में शिक्षक और प्रिंसिपल दोनों पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।











