1.50 करोड़ दीयों से रोशन हुआ छत्तीसगढ़, रायपुर में खारून की महाआरती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया सरकार के मुताबिक, प्रदेशभर में इस दौरान 1 करोड़ 50 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए। रायपुर के तेलीबांधा तालाब में इलेक्ट्रॉनिक दीयों से रोशनी की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हाउस, अंबेडकर चौक और तेलीबांधा में दीप जलाया।
वहीं, बिलासपुर में भारत के नक्शे के बीच रंगोली के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनाई गई। जगदलपुर, अंबिकापुर, भिलाई समेत प्रदेश के दूसरे जिलों में भी दीपोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हालांकि, जगदलपुर में दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ लाख से ज्यादा दीये सजाए गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने दुकानें बंद कराने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर विरोध जताया।
इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उनके सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बहस हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जूते-चप्पल भी फेंके गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।











