प्रेमजाल में फंसाया, बंधक बनाया और मांगे 50 हजार; रायगढ़ का मामला

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बनाने और फोटो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को एक महिला ने अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोतरारोड़ के अटल विहार स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां से पुलिस ने युवती को आरोपी के कब्जे से बरामद किया।

युवती ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर के मीना बाजार मेले में गई थी। वहीं उसकी मुलाकात अजरूदीन से हुई। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हो गई।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवती पर रायपुर चलने और वहां होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा। युवती के मुताबिक, आरोपी उसे रायपुर ले गया और एक होटल में रुकवाया, जहां उसे बाहर जाने नहीं दिया गया।

युवती ने बताया कि बाद में वह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी उसे रेलवे स्टेशन से अपने साथ ले गया और एक होटल में रखा। इसके बाद उसे अटल विहार स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बनाने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती को मीना बाजार में खींची गई फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दे रहा था। साथ ही 50 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। रुपए नहीं देने पर उसे जाने नहीं देने की बात कही गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और मामले में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इस तरह की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close