GPM में 4 भालुओं का हमला, खेत जा रहा युवक गंभीर घायल; 108 से बची जान

GPM के मरवाही ब्लॉक के सिलपहरी गांव में खेत जाते समय एक युवक का सामना चार जंगली भालुओं से हो गया। इस दौरान एक भालू ने युवक पर हमला कर दिया। घटना में कमलेश तंवर के सिर, पीठ और दाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 5 बजे की है। कमलेश रोज की तरह घर से खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक चार भालू सामने आ गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक भालू ने उन पर हमला कर दिया।

हमले के बाद घायल कमलेश किसी तरह खुद को बचाकर गांव पहुंचे। उनकी हालत देखकर स्थानीय नागरिक नरेंद्र ठाकुर ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति और पायलट भूपत सिंह एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। एंबुलेंसकर्मियों ने घायल का प्राथमिक उपचार मौके पर ही शुरू किया। रक्तस्राव को रोकने के लिए जरूरी उपचार देने के बाद उन्हें बिना देरी किए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने कमलेश का इलाज शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और शुरुआती उपचार मिलने के बाद उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस घटना के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने आया है। ग्रामीणों से जंगल और आसपास के इलाकों में जाते समय सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close