CSMCL में नौकरी लगाने का झांसा, युवक से किश्तों में ऐंठे साढ़े 8 लाख

कोरिया जिले के एक युवक से छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी CSMCL में ऑपरेटर पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 8 लाख 54 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रायपुर के एक युवक ने अपनी ऊंची पहुंच बताकर नौकरी लगवाने के नाम पर किश्तों में रकम ली।

मामला बैकुंठपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता अजय तिवारी के मुताबिक, फरवरी 2025 में नौकरी के सिलसिले में रायपुर जाने के दौरान उसकी मुलाकात वीरगांव निवासी दिलीप यादव से हुई थी। बातचीत के दौरान दिलीप ने CSMCL में नई भर्ती की जानकारी दी और नौकरी लगवाने का दावा किया।

अप्रैल 2025 में दिलीप बैकुंठपुर पहुंचा और अजय को एक होटल में बुलाकर नौकरी लगवाने के लिए 8 लाख रुपए की मांग की। अजय ने एक साथ इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद दिलीप ने उसे एक बैंक खाते की जानकारी दी।

शिकायत के मुताबिक, अजय ने दिलीप की ओर से बताए गए खाते और एक फोन-पे नंबर के जरिए कुल 8 लाख 54 हजार रुपए ट्रांसफर किए। लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी।

इसके बाद अजय ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि कुछ समय बाद दिलीप ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। जिसके बाद अजय ने पुलिस से शिकायत की और ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे।

पुलिस ने जांच के बाद दिलीप यादव और प्रह्लाद तांडी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस लेनदेन और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close