दुर्ग में साइबर ठगी-सट्टे के नेटवर्क पर बड़ा एक्शन, 257 गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े वित्तीय नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए अब तक 257 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने 3,162 म्यूल बैंक खातों की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी या सट्टे की रकम के लेन-देन में किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 63 FIR में 1,668 म्यूल खातों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 578 खातों का सत्यापन और इस्तगासा की कार्रवाई पूरी हो गई है, जबकि 916 खाते अभी जांच के दायरे में हैं।
जांच के दौरान बैंक खातों के KYC दस्तावेज, मोबाइल नंबर, UPI ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन खातों का संचालन कौन कर रहा था और ठगी या सट्टे की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई।
कार्रवाई के दौरान ATM कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल फोन, SIM कार्ड, KYC दस्तावेज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े मामलों में 2 करोड़ 75 लाख 50 हजार 91 रुपए की विवादित रकम पर होल्ड लगाया गया है, ताकि रकम को आगे ट्रांसफर या निकाला न जा सके।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी अक्सर कमीशन या आसान कमाई का लालच देकर लोगों से बैंक खाते हासिल करते हैं। इन खातों का इस्तेमाल ठगी या अन्य अवैध गतिविधियों से मिली रकम को जमा करने और अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है।
दुर्ग पुलिस अब 916 लंबित म्यूल खातों की तकनीकी और वित्तीय जांच कर रही है। जांच में संबंधित लोगों की भूमिका सामने आने पर नियमानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।











