भिलाई में PM मोदी का पुतला फूंकने के दौरान सिपाही झुलसा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस

भिलाई के सुपेला घड़ी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी हो गई। इसी दौरान जलते पुतले की चपेट में आने से सुपेला थाने में पदस्थ एक आरक्षक की दाहिनी भुजा झुलस गई। घटना के बाद उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। मामले की पुष्टि स्थानीय रिपोर्ट में भी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुपेला घड़ी चौक पर धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया था। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी के बाद पुतला दहन किया गया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात था। शिकायत के मुताबिक, पुतला बुझाने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। इसी दौरान आरक्षक जलते पुतले की चपेट में आकर झुलस गया।

घटना के बाद घायल आरक्षक की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने पुतला दहन में शामिल अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उपलब्ध वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close