स्वास्थ्य मंत्री ने किया रक्तदान, कलेक्टर और मितानिनों ने भी बढ़ाया हाथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मनेन्द्रगढ़ में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खुद रक्तदान किया और लोगों से भी इस सेवा कार्य में आगे आने की अपील की।
इस दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत CEO अंकिता सोम और मितानिनों ने भी रक्तदान किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
मंत्री ने रक्तदान को लेकर लोगों में मौजूद भ्रांतियों को दूर करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में रक्तदान के बाद शरीर प्राकृतिक रूप से रक्त की पूर्ति करता रहता है। ऐसे में लोगों को गलतफहमियां दूर कर जरूरतमंदों के लिए रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
शिविर में जिले के साथ बाहर से भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम पहुंची। डॉक्टरों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जरूरत के मुताबिक उपचार और आगे की जांच को लेकर सलाह दी।
आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया, वहीं महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।











