नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 99 हजार की ठगी, आरोपी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जांजगीर-चांपा जिले में चपरासी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 99 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अकलतरा निवासी 24 वर्षीय शंकर कुमार बांधी ने पुलिस को बताया कि राजनांदगांव के सीतागोटा निवासी विजय कुमार ने उन्हें कुटुंब न्यायालय मुंगेली में चपरासी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने 10 दिनों के भीतर नियुक्ति कराने का दावा किया था।

आरोपी के झांसे में आकर शंकर ने वर्ष 2023 में फोन पे के माध्यम से विजय कुमार के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में 99 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। आरोपी का ‘छत्तीसगढ़ ऑल सर्विस’ नाम से एक कार्यालय भी बताया जा रहा है।

निर्धारित समय बीतने के बाद भी न तो शंकर को नौकरी मिली और न ही उसकी राशि वापस की गई। जब उसने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने इस मामले में धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

close