धार में रस्सी से हाथ बांध कर युवक की बेरहमी से पिटाई, वीाडियो वायरल, तमाशबीन बने रहे लोग

राजोद। जिले के राजोद थाना क्षेत्र बरमंडल में एक युवक के साथ कथित अमानवीय मारपीट का वीडियो सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक के हाथ रस्सी से बंधे दिखाई दे रहे हैं और कुछ लोग उसे डंडों तथा मोटी रस्सी से बारी-बारी से पीटते नजर आ रहे हैं। आसपास मौजूद कई लोग घटनास्थल पर खड़े हुए दिख रहे हैं।
विवाद की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक रूप यह बात सामने आई है कि युवक का गांव के कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद उसे पकड़कर बांधा गया और सार्वजनिक रूप से उसकी पिटाई की गई। हालांकि घटना का पूरा घटनाक्रम और विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है। इसका वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ है।
पुलिस कर रही वीडियो की जांच
इधर राजोद थाना प्रभारी राम सिंह राठौड़ ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के पास पहुंचा है और उसके आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना की सत्यता, विवाद के कारण और दोनों पक्षों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











