जबलपुर में शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की चाक़ू मारकर हत्या, खुशियों के बीच छाया मातम

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
जबलपुर: मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में चाकू बाजी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है जहां एक बार फिर चाकू बाजी की वारदात सामने आई है जहां बारात में डीजे पर नाचने की बात पर बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की चाकू मार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है जहां पुलिस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है.

जिले के पाटन थाना क्षेत्र के मादा गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि मृतक सुनील अहिरवार और आरोपी दोनों ही रामपुर छापर से बारात में शामिल होने के लिए मादा गांव पहुंचे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारात में डीजे की धुन पर नाचने के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई और इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने सुनील अहिरवार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं शादी का माहौल पलभर में मातम में तब्दील हो गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। आशंका यह भी है कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश थी जिसे शादी के बीच भुनाया गया है हालांकि अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.










