मुराद पूरी होने पर उजमा खान बनीं शिवभक्त, कांवड़ यात्रा कर बोलीं- हिंदू युवक से करेंगी विवाह

बुलंदशहर में आस्था और विश्वास की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां मुस्लिम महिला उजमा खान भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर कांवड़ यात्रा पर निकलीं। उजमा ने अनूपशहर से गंगाजल उठाकर पैदल यात्रा शुरू की और रबूपुरा स्थित मंदिर में जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है। उनकी इस यात्रा के दौरान वह ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष करती नजर आईं।
उजमा खान ने बताया कि उन्होंने भगवान शिव से एक विशेष मुराद मांगी थी, जो पूरी हो गई। मन्नत पूरी होने के बाद उन्होंने कांवड़ यात्रा करने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि उनकी भगवान शिव में गहरी आस्था है और वह पूरी श्रद्धा के साथ जलाभिषेक करने जा रही हैं।
उजमा पिछले चार वर्षों से अपने हिंदू प्रेमी लोकेंद्र के साथ रह रही हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही लोकेंद्र से विवाह करेंगी और हिंदू धर्म अपनाएंगी। उजमा ने यह भी कहा कि उन्होंने यह निर्णय अपनी आस्था और व्यक्तिगत विश्वास के आधार पर लिया है।
उनकी यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन के साथ सामाजिक संगठनों के लोग भी उनकी सुरक्षा में तैनात हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और उनकी आस्था का सम्मान किया।









