मैहर: बहाली के बाद फिर नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर, वीडियो वायरल; अभिभावकों में आक्रोश

मैहर: उचेहरा विकासखंड अंतर्गत परसमनिया पहाड़ी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुरेही के प्रधानाध्यापक जयपाल दिनकर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. बहाली के कुछ ही समय बाद उनका शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो शुक्रवार का है, जो शनिवार शाम को सामने आया. वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापक नशे की हालत में अन्य शिक्षकों से बहस करते नजर आ रहे हैं. उनकी लड़खड़ाती जुबान और असंतुलित व्यवहार से नशे की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है.
गौरतलब है कि इससे पहले 25 नवंबर 2025 को भी जयपाल दिनकर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे नशे की हालत में सड़क किनारे बेसुध पड़े मिले थे. उस समय मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा उन्हें निलंबित किया गया था.
हाल ही में विभागीय आदेश के बाद उनकी बहाली कर पुनः उसी विद्यालय का प्रभार सौंपा गया था. बहाली के बाद उनसे अनुशासन और जिम्मेदारी की अपेक्षा की जा रही थी, लेकिन ताजा घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सूत्रों के अनुसार प्रभार ग्रहण करने के दौरान प्रधानाध्यापक ने नशे की हालत में विद्यालय पहुंचकर न केवल अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, बल्कि शिक्षकों के साथ बहस भी की. इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया.
लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं से अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जिस अधिकारी पर पहले से ही गंभीर आरोप लगे हों, उसे दोबारा उसी विद्यालय की जिम्मेदारी देना समझ से परे है. फिलहाल इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.










