छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षक पदों पर भर्ती को मिली मंजूरी, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के शासकीय स्कूलों में 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान कर दी है। इस संबंध में लोकशिक्षण संचालनालय को आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
इससे पहले राज्य सरकार ने अक्टूबर 2025 में 4708 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी थी। अब विभागीय प्रस्ताव के तहत 292 सहायक शिक्षक पदों का सृजन भी मंजूर किया गया है। इन पदों को जोड़कर कुल 5000 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।
शिक्षा विभाग के इस फैसले से प्रदेश के स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है। इससे शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को बेहतर शिक्षण सुविधा मिल सकेगी।
वहीं, लंबे समय से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह निर्णय राहत भरा साबित होगा। विभाग की ओर से जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।
सरकार का उद्देश्य है कि समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी कर स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाया जा सके।










