सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था, कांवड़ियों के साथ मंदिरों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर छत्तीसगढ़ के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से कांवड़िए भी शिवालयों का रुख कर रहे हैं। मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

रायपुर के मंदिरों में सुबह से भक्तों की भीड़

सावन के दूसरे सोमवार पर रायपुर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भक्त भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इस बार सावन सोमवार के साथ प्रदोष व्रत का भी संयोग बना है, जिसे धार्मिक दृष्टि से विशेष माना जा रहा है।

फिंगेश्वर के फणीकेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा सैलाब

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर स्थित फणीकेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से भक्त जलाभिषेक और भगवान शिव के दर्शन के लिए कतार में नजर आए। मंदिर परिसर में बम भोले के जयकारे गूंजते रहे और पूरा क्षेत्र शिव भक्ति में डूबा नजर आया।

छत्तीसगढ़ में कुलेश्वर मंदिर राजिम, भोरमदेव मंदिर कबीरधाम, लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर शिवरीनारायण, भूतेश्वर महादेव मंदिर गरियाबंद, सुरंग टीला मंदिर सिरपुर, पातालेश्वर महादेव मंदिर मल्हार और देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर समेत कई प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com