लखीमपुर खीरी: खेतों में हमला, पशुओं का शिकार… अब वन विभाग की पकड़ में आया खूंखार शिकारी

लखीमपुर खीरी : पढुआ क्षेत्र में पिछले करीब एक वर्ष से ग्रामीणों में दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है.
जानकारी के अनुसार चंदैयापुर के गांव कंडौहा निवासी शालिकराम के आम के बाग में वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया था.पिंजरे में एक बकरी को बांधा गया था.बृहस्पतिवार रात शिकार की तलाश में आया तेंदुआ बकरी पर झपटते ही पिंजरे में कैद हो गया। सुबह ग्रामीणों ने पिंजरे में तेंदुआ देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और वन विभाग को सूचना दी गई.
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से तेंदुआ क्षेत्र में घूम रहा था और कई छोटे पशुओं को अपना शिकार बना चुका था. हाल ही में खेतों पर काम कर रहे कुछ ग्रामीणों पर भी उसने हमला कर दिया था, जिससे वे घायल हो गए थे.तेंदुए की वजह से लोग शाम ढलते ही घरों में दुबकने को मजबूर हो गए थे.
सूचना मिलने पर धौरहरा रेंज के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया.फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पकड़ा गया तेंदुआ नर है या मादा.वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि उसे किस जंगल में छोड़ा जाएगा.










