औरंगाबाद: शौच के लिए घर से निकला युवक नहर में डूबा, परिवार में मचा कोहरा

औरंगाबाद: नहर में डूबने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के भाव बिगहा की है. मृतक की पहचान उस गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार के सुबह की बताई जा रही है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि छोटू का नहर के पास ही घर है. शुक्रवार की सुबह वह अपने घर से निकलकर शौच करने गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.
उसी रास्ते गुजर रहे जब राहगीरों की नजर नहर में डूबे छोटू पर पड़ी तो शोर मचाया. शोर की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे और नहर में छलांग लगाकर डूब रहे छोटू को बाहर निकाला. नहर से शव बाहर निकलते ही परिजन चीत्कार उठे. घटना की सूचना दाउदनगर पुलिस को दी गई जिसके आलोक में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां से पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि छोटू दो भाई में छोटा था.
उसकी दो बहने हैं जिसमें एक बहन की शादी हो चुकी है. कुछ वर्ष पूर्व ही बीमारी से उसकी मां की मौत भी हो गई थी. उसके पिता व बड़ा भाई दिल्ली में रहकर ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वही गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजें की मांग की है. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि नहर में डूबने एक युवक की मौत हुई है. पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.











