धमतरी में बघेल का बड़ा धमाका: क्या छत्तीसगढ़ में फिर लौटने वाले हैं ‘लकड़ी और छेना’ के दिन?

धमतरी : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को धमतरी दौरे के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले करते हुए प्रदेश में आगामी आर्थिक संकट की चेतावनी दी है। विधायक निवास कार्यालय का लोकार्पण करने पहुंचे बघेल ने मीडिया से चर्चा में दावा किया कि देश और राज्य की परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बंगाल चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में इतनी वृद्धि होगी कि आम आदमी का बजट पूरी तरह चरमरा जाएगा।

महिलाओं से अपील: पारंपरिक ईंधन की ओर लौटें

​अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और केंद्र की नीतियों की आलोचना करते हुए बघेल ने महिलाओं से अपील की कि वे आने वाले समय के लिए ‘वैकल्पिक व्यवस्था’ तैयार रखें। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गैस सिलेंडरों की किल्लत और कीमतें बढ़ने वाली हैं, उसे देखते हुए माताओं-बहनों को अभी से लकड़ी और छेना (ईंधन) का प्रबंध कर लेना चाहिए। बघेल ने एक्साइज ड्यूटी में कमी को महज दिखावा करार देते हुए कहा कि आम जनता को इसका कोई वास्तविक लाभ नहीं मिला है।

खाद संकट और ‘नरवा-गरवा’ की याद

​कृषि क्षेत्र पर चिंता जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डीएपी और यूरिया का रैक नहीं उतर रहा है, जिससे किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा होने वाला है। उन्होंने अपनी पूर्ववर्ती सरकार की ‘नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यदि वर्मी कम्पोस्ट की व्यवस्था जारी रहती, तो किसान आज रासायनिक खाद के लिए मोहताज नहीं होते। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार धान खरीदी से बचने की मानसिकता के साथ काम कर रही है।

अवैध प्लॉटिंग और अफीम की खेती पर सवाल

​धमतरी में बढ़ती अवैध प्लॉटिंग के मुद्दे पर बघेल ने स्थानीय प्रशासन और सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि विधायक ओंकार साहू ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था, लेकिन मंत्री के आश्वासन के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि मामले को दबा दिया गया। अफीम की खेती के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार को इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी है, अब कार्रवाई की जिम्मेदारी शासन की है।

स्वयं कार चलाकर पहुंचे अंगारमोती के द्वार

​इससे पहले धमतरी पहुंचने पर अंबेडकर चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल का भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद बघेल ने स्वयं ड्राइविंग की और स्थानीय विधायकों को साथ लेकर गंगरेल स्थित माँ अंगारमोती मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए।

ये रहे मौजूद

इस दौरान मुख्य रूप से धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com