26 साल से रायपुर में रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा; मैकेनिक की दुकान चलाकर बना रखे थे भारतीय दस्तावेज

रायपुर में पुलिस ने संजय नगर इलाके से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शेख रेहान करीब 26 साल से रायपुर में रह रहा था और यहां गाड़ी मैकेनिक का काम करता था। टिकरापारा थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ा। आरोपी के पास से दस्तावेज और पासपोर्ट जब्त किए गए हैं। पुलिस अब उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
किराए के मकान में रहकर चला रहा था मैकेनिक की दुकान
पुलिस के अनुसार, शेख रेहान की उम्र 31 साल है और वह संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। टिकरापारा इलाके में उसकी गाड़ी मैकेनिक की छोटी दुकान भी है। पुलिस का दावा है कि वह करीब 5 साल की उम्र में वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इसके बाद उसने यहीं पढ़ाई की और लंबे समय तक रायपुर में रहा।
पुलिस के मुताबिक रेहान और उसके माता-पिता ने आधार और राशन कार्ड समेत कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। उसके पास भारतीय पासपोर्ट भी था। वह वीजा के जरिए बांग्लादेश स्थित अपने पैतृक गांव पार्वतीपुर आता-जाता था। पिछले साल अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान के दौरान वह अपने माता-पिता के साथ रायपुर से कोलकाता और फिर बांग्लादेश चला गया था।
पुलिस को सूचना मिली तो संजय नगर में दी दबिश
पुलिस के मुताबिक बांग्लादेश जाने के कुछ समय बाद रेहान दोबारा भारत आया और अलग-अलग जगहों पर छिपकर रहने लगा। कुछ दिन पहले वह रायपुर के संजय नगर में पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के दस्तावेज और पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं। उसके माता-पिता की तलाश की जा रही है। इससे पहले संजय नगर में पिछले महीने जमाल करीम नाम के एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार वह भी लंबे समय से रायपुर में रह रहा था और उसके पास भारतीय दस्तावेज मिले थे।
दोनों आरोपियों को रायपुर केंद्रीय जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। पुलिस ने उनकी जानकारी गृह और विदेश मंत्रालय को भेजी है। अधिकारियों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी।











