डेथ सर्टिफिकेट के बाद भी 42 दिन चलता रहा इलाज, पत्नी को आया ‘स्वस्थ होकर घर लौटने’ का मैसेज

छत्तीसगढ़ के सरगुजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आरक्षक की मौत और डेथ सर्टिफिकेट जारी होने के बावजूद आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उसका इलाज कथित तौर पर 42 दिनों तक चलता रहा। मौत के 42 दिन बाद मृतक की पत्नी के मोबाइल पर मैसेज आया कि मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट रहा है। मामले के सामने आने के बाद पत्नी ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

जशपुर जिले के कटंगखार निवासी आरक्षक देवनारायण राम को 26 जून को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 30 जून को उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनका डेथ सर्टिफिकेट भी जारी किया गया था। इसके बावजूद आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उनका इलाज जारी दिखता रहा।

मौत के 42 दिन बाद आया स्वास्थ्य का मैसेज

मृतक की पत्नी सीमा कुजूर के मोबाइल पर 42 दिन बाद आयुष्मान सारथी योजना की ओर से मैसेज आया। इसमें देवनारायण के इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने की जानकारी दी गई थी। सीमा खुद जिला अस्पताल जशपुर में स्टाफ नर्स हैं। उन्होंने कहा कि पति की मौत के बाद इस तरह का संदेश मिलना बेहद पीड़ादायक है।

सीमा ने सवाल उठाया कि यह केवल तकनीकी चूक है या आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में कोई गंभीर गड़बड़ी हुई है, इसकी जांच जरूरी है। उनका कहना है कि सिस्टम में किसी मृत व्यक्ति को 42 दिनों तक मरीज के तौर पर दर्ज दिखाने की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

सीमा कुजूर ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों को भी इस तरह की गड़बड़ी की जानकारी नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

मामले में सरगुजा CMHO डॉ. पीएस मार्को से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आयुष्मान योजना का काम सीएस देखते हैं और इस संबंध में वही जानकारी दे सकते हैं। सीएस डॉ. जेके रेलवानी से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com