रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई! खेतों से इंजन चोरी करने वाले चार शातिर चोर गिरफ्तार

रायबरेली: सलोन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए इंजन व इंजन के पार्ट्स,पम्पिंग सेट व एक पिकअप गाड़ी को बरामद किया गया है.

एसपी कार्यालय के किरण हाल में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने धरपकड़ का खुलासा किया. एएसपी ने बताया कि इंजन चोरी की घटनाओं को देखते हुए इस गिरोह की गिरफ्तारी के लिए एसओजी के साथ सलोन पुलिस की टीम भी जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर ग्राम तरई मोड़ पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी की. एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता देखकर उसे रोकने का इशारा किया. पुलिस को देख वाहन में सवार आठ व्यक्तियों में से चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि चार आरोपी शिव शंकर,विपिन निर्मल,संदीप,रंजीत निर्मल निवासी ग्राम पुरमई सुल्तानपुर थाना महेशगंज जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया.

इनके पास से चोरी के इंजन व इंजन के पार्टस व पम्पिंग सेट,नकदी,एक पिकअप बरामद हुई है. पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 28 जनवरी की रात ग्राम कोडरी सलोन गंगा एक्सप्रेसवे के पास से पांच डीजल इंजन तथा 15 जनवरी की रात ग्राम रसूलपुर गंगा एक्सप्रेसवे के पास से चार डीजल इंजन और एक चारा काटने की मशीन चोरी की थी. चोरी किए गए कुछ इंजनों के पार्ट्स बेचकर उन्होंने अपना दैनिक खर्च और शौक पूरे किए, जबकि शेष सामान पुलिस द्वारा बरामद किया गया है.

एएसपी ने बताया कि यह गिरोह किसानों के खेतों में लगे कृषि उपकरणों की रेकी कर उन्हें लोडर वाहन से चोरी कर आसपास के क्षेत्रों में बेच देता था. प्रेस वार्ता के दौरान सलोन सीओ यादवेंद्र बहादुर पाल,सलोन कोतवाल अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे.

close