रायपुर में ANTF की बड़ी कार्रवाई : 2.961 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार; सप्लाई नेटवर्क की तलाश

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेलीबांधा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जोरा ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड से दो आरोपियों को 2.961 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोरा ओवरब्रिज के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री की फिराक में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर तेलीबांधा पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिनेश ध्रुव (23), निवासी नवागांव, मंदिर हसौद और कोमल धीवर (29), निवासी काशीराम नगर, तेलीबांधा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पीले रंग के एक थैले से गांजे के तीन पैकेट बरामद किए गए। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 2.961 किलोग्राम निकली।

पुलिस ने गांजे के अलावा घटना में इस्तेमाल वाहन क्रमांक CG 04 P 7506 को भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 341/2026 दर्ज कर धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस संभावित सप्लायर और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

रायपुर पुलिस और ANTF की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच में यदि सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com