2027 में अयोध्या का क्या होगा हाल? राम जन्मभूमि से प्रत्याशी पवन पांडे ने खोला मोर्चा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे को अयोध्या विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किए जाने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है. घोषणा के बाद अयोध्या में प्रथम आगमन पर लोहिया भवन स्थित सपा कार्यालय पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया. पवन पांडे ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या की जनता 2027 में समाजवादी पार्टी को जिताकर भाजपा की भ्रष्ट सरकार को हटाएगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी.
उन्होंने अयोध्या मंडल की पांचों विधानसभा सीटें जीतने का दावा किया. उन्होंने कहा कि PDA ही प्रभु श्री राम की सेना है. इस बार राम जी की सेना और समाजवाद की सेना मिलकर भाजपा सरकार को प्रदेश से विदा करेगी. वहीं डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के बयान पर पलटवार करते हुए पवन पांडे ने हमला बोला.
उन्होंने कहा कि जिनका होमगार्ड ही नहीं सुनता, हम क्यों सुनें. जिनके रहते मेडिकल कॉलेज में दवाइयां ब्लैक में बिक रही हों और डॉक्टर बाहर की दवा लिखते हों, जिनका कोई नहीं सुनता हम उनकी क्यों सुनें. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “सिराथू से हारे हुए हैं, कृपा पर स्टूल मिला है, संभलकर रखें नहीं तो टूट कर गिर जाएंगे.











