किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, जैश का एक आतंकी ढेर, तलाशी अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। छत्रू इलाके में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को घेर लिया है। इस कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया गया है, जबकि दो से तीन आतंकियों के इलाके में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।

सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। जवान चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखे हुए हैं ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके। इलाके में आने-जाने वाले वाहनों की भी सघन जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जंगलों और पहाड़ी इलाकों में छिपे आतंकियों की तलाश के दौरान सुरक्षाबलों का उनसे संपर्क हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। अभियान में ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और विशेष दस्तों की भी मदद ली जा रही है।

इसी बीच उधमपुर जिले में भी सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया। ये आतंकी एक गुफा में छिपे हुए थे। संयुक्त टीमों ने लंबे समय तक पीछा करने के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिनमें एक एम4 कार्बाइन और एक एके-47 राइफल शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकियों में संगठन का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल था।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की थी, लेकिन घेराबंदी मजबूत होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया।

फिलहाल किश्तवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबल आतंकियों के सफाए और इलाके में शांति बहाल करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

close