महासमुंद LPG घोटाले में बड़ा खुलासा, फूड ऑफिसर पर 50 लाख लेने का आरोप

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सामने आए 1.5 करोड़ रुपए के LPG घोटाले की जांच तेज हो गई है। मामले में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव को मुख्य आरोपी मानते हुए पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया है। जांच में करोड़ों रुपए की गैस चोरी, फर्जी दस्तावेज और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं।

92 टन गैस के बदले 80 लाख की डील

पुलिस जांच के अनुसार, जब्त गैस कैप्सूल ट्रकों से करीब 92 टन LPG गैस गायब की गई थी। इसके एवज में लगभग 80 लाख रुपए का लेन-देन हुआ। जांच में सामने आया है कि इस रकम में से करीब 50 लाख रुपए खाद्य अधिकारी अजय यादव को मिले, जबकि 20 लाख गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर और 10 लाख व्यापारी मनीष चौधरी को दिए गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के बीच हुई बैठकों के CCTV फुटेज भी बरामद किए हैं। इनमें आरंग स्थित एक ढाबे में हुई बैठक और सिंघोड़ा थाना परिसर में गैस कैप्सूल देखने पहुंचे अधिकारियों की गतिविधियां शामिल हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इन फुटेज को सार्वजनिक नहीं किया है।

छापेमारी में मिले अहम दस्तावेज

पुलिस ने खाद्य अधिकारी अजय यादव और गौरव गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर के घरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नकदी तो नहीं मिली, लेकिन कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। अब इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों और पैसों के निवेश की जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियों को शक है कि घोटाले की रकम को प्रॉपर्टी और कारोबार में लगाया गया। पुलिस आरोपियों के रिश्तेदारों और करीबी लोगों द्वारा खरीदी गई संपत्तियों की भी जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही गौरव गैस एजेंसी और खाद्य विभाग कार्यालय में दोबारा दबिश की तैयारी की जा रही है।

कैसे हुआ करोड़ों की गैस चोरी का खेल

पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2025 में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में 6 गैस कैप्सूल ट्रक जब्त किए गए थे। बाद में सुरक्षा कारणों से इन्हें अभनपुर स्थित प्लांट में रखने का फैसला हुआ। इसी दौरान गैस चोरी की साजिश रची गई।

30 मार्च को सुपुर्दनामा मिलने के बाद ट्रकों को प्लांट ले जाया गया और अगले तीन दिनों में करीब 92 टन गैस निकाल ली गई। जांच में पता चला कि अप्रैल महीने में कंपनी ने जितनी गैस खरीदी, उससे तीन गुना ज्यादा बिक्री दिखाई गई। पुलिस का कहना है कि रिकॉर्ड और रजिस्टर में भी छेड़छाड़ की गई है। फिलहाल मामले में पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com