साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर बड़ा खुलासा, एसआईटी जांच में लापरवाही की पुष्टि

जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि साध्वी की मौत जहर से नहीं, बल्कि कार्डियक अरेस्ट और सांस की पुरानी बीमारी के कारण हुई। मेडिकल रिपोर्ट में अस्थमा और श्वसन संबंधी दिक्कतों की पुष्टि हुई है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच कर रही एसआईटी को प्राथमिक तौर पर लापरवाही के प्रमाण मिले हैं। बताया गया कि कम्पाउंडर देवी सिंह ने बिना अधिकृत डॉक्टर की पर्ची के साध्वी को इंजेक्शन लगाया और गंभीर स्थिति के बावजूद उन्हें अस्पताल रेफर नहीं किया। यह इंजेक्शन शेड्यूल-एच श्रेणी का था, जिसे बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं दिया जा सकता।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रथम दृष्टया कम्पाउंडर की लापरवाही सामने आई है और अंतिम मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल अधिनियम के तहत भी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

जांच में यह भी स्पष्ट किया गया कि साध्वी के पिता द्वारा सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट का इस मौत से कोई संबंध नहीं मिला है। पहले दर्ज मामलों का भी इस घटना से सीधा कनेक्शन सामने नहीं आया है। हालांकि कुछ तथ्यों की अभी भी जांच की जा रही है और एसआईटी लगातार पड़ताल में जुटी है।

पुलिस ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में साध्वी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में थीं। उस मामले में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच कर रही है और विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

close