बिहार: सुपौल में अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत

सुपौल: थाना क्षेत्र के मझौआ गांव के समीप नेशनल हाईवे 27 पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया.

इस भीषण टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी-मौत से जूझ रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयानक थी कि टक्कर मारने के बाद कंटेनर बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा. मृतक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के श्रीपुर वार्ड नंबर-7 के निवासी बैद्यनाथ झा के 25 वर्षीय पुत्र बिट्टू झा के रूप में हुई है.

वहीं उनके साथ बाइक पर सवार उनके भतीजे 26 वर्षीय विकास झा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों युवक बाइक से एनएच के रास्ते किसी कार्यवश जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने उन्हें रौंद दिया.

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचित किया और घायल विकास झा को सिमराही रेफरल अस्पताल पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच 27 को पूरी तरह जाम कर दिया. इधर सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने उत्तेजित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और बिट्टू झा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.

close