सुपौल में बीमार मामी का खाना लेकर जा रहे बाइक सवार भांजे की मौत, दो घायल

सुपौल: जिले में सड़क दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है, दो पहले ही सड़क दुर्घटना में एक साथ चार जान चली गई थी. वह घटना को लेकर अभी चर्चा ही था कि फिर एक बार सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई है. बीमार मामी का खाना लेकर जा रहे भांजे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है.
दरअसल आपको बता दें कि छातापुर थाना क्षेत्र केे परियाही के समीप रानीपट्टी नहर सड़क पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया. अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. मृतक मुख्यालय स्थित हाईस्कूल चौक निवासी राजू मुखिया का 21 वर्षीय पुत्र रवींद्र कुमार था. घायलों में परियाही निवासी फूलदेव मुखिया का 18 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार तथा शिबु मुखिया का 22 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार शामिल हैं.
स्वजन ने बताया कि तीनों युवक परियाही से भोजन लेकर एक निजी अस्पताल जा रहे थे, जहां उनकी दो महिला रिश्तेदार इलाजरत हैं. इसी दौरान रानीपट्टी नहर पर डिपो के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई. घटना के बाद मृतक व घायलों के घरों में कोहराम मच गया है. स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया कि रवींद्र अपने ननिहाल परियाही गया था और वहां से बीमार मामी के लिए भोजन लेकर लौट रहा था.
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है. दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बाहर भेजा गया है. पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.










