विधायक अजय चंद्राकर के करीबी भाजपा नेता निरंजन सिन्हा को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर का बनाया गया अध्यक्ष

कुरूद : छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाओं के प्रस्ताव के आधार पर कुरूद नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता निरंजन सिन्हा को रायपुर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का अध्यक्ष बनाया गया है.इस खबर से नगर में हर्ष का माहौल है.उन्हें सोशल मीडिया के सहारे बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं.
ज्ञात हो कि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर के करीबी माने जाने वाले निरंजन सिन्हा 2000 से 2010 तक लगातार निर्वाचित होकर कुरूद नगर पंचायत के अध्यक्ष रहे.इसके अलावा धमतरी जिला भाजपा अध्यक्ष रहे, पार्टी ने उन्हें 2013 में सिहावा विधानसभा का चुनाव संचालक बनाया. उनकी संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें प्रदेश भाजपा और किसान मोर्चा का राज्य मंत्री बनाया गया.
आरएसएस से जुड़े श्री सिन्हा बस्तर संभाग प्रभारी के तौर पर काम कर पार्टी की जड़े सींच चुके हैं.साथ ही उन्होंने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ में काम करते हुए संगठन का विस्तार करने में अहम भूमिका निभाई है.अपने जमाने के मशहूर कबड्डी खिलाड़ी रहे श्री सिन्हा कबड्डी संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं.
कलार समाज के मंडलेश्वर रहते हुए उन्होंने इस वर्ग को भाजपा के करीब लाने का काम किया है.शायद यही वजह है कि प्रदेश सरकार ने निरंजन सिन्हा को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर का अध्यक्ष नियुक्त किया है.
अपनी इस नियुक्ति के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक अजय चंद्राकर, सांसद रूपकुमारी चौधरी तथा प्रदेश भाजपा संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया है.भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति से सहकारिता क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा कि श्री सिन्हा के नेतृत्व में सहकारी बैंक को नई दिशा मिलेगी तथा किसानों, आम नागरिकों और सहकारिता क्षेत्र के हित में सकारात्मक कार्य होंगे.
मंगलवार सुबह जैसे ही यह खबर मिली कि उन्हें रायपुर जिला कॉपरेटिव बैंक का प्रमुख बनाया गया है तो नगर में हर्ष का माहौल बन गया.नगरवासियों एवं भाजपाईयों ने उन्हें घर जाकर एवं सोशल मीडिया में बधाई और शुभकामनाएँ देने लगे.









