ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर BJP सख्त, पंकज चौधरी ने दोहराई चेतावनी

उत्तर प्रदेश में बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर पार्टी के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मामले पर यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी कोई भी बैठक नहीं होनी चाहिए जो पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के खिलाफ जाए।

मथुरा दौरे के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि उन्होंने संबंधित विधायकों से बातचीत कर उन्हें चेतावनी दी है और साफ निर्देश दिए हैं कि आगे से इस तरह की कोई बैठक न हो। उन्होंने कहा कि पार्टी के खिलाफ जाने वाली गतिविधियां स्वीकार्य नहीं हैं और इस पर सख्ती बरती जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में कुशीनगर से बीजेपी विधायक पीएन पाठक के आवास पर ब्राह्मण विधायकों और नेताओं की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में बीजेपी समेत विभिन्न दलों के करीब 35 से 40 ब्राह्मण नेता शामिल हुए थे। बैठक में ब्राह्मण समाज की उपेक्षा और उनकी आवाज दबाए जाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

इससे पहले भी पंकज चौधरी पार्टी विधायकों को जाति-आधारित राजनीति से दूर रहने की हिदायत दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि बीजेपी सिद्धांतों पर आधारित पार्टी है और किसी भी तरह की नकारात्मक या वर्ग विशेष की राजनीति उसके मूल विचारों के खिलाफ है। ऐसी गतिविधियों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचता है।

पंकज चौधरी ने दो टूक कहा कि यदि भविष्य में किसी जनप्रतिनिधि ने पार्टी लाइन के खिलाफ इस तरह की बैठक या गतिविधि की, तो उसे अनुशासनहीनता माना जाएगा और पार्टी संविधान के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बीजेपी विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति करती है, न कि जाति या वर्ग आधारित राजनीति।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com