सहारनपुर में कूड़ा डालने के विवाद में खूनी संघर्ष: 10वीं के छात्र की मौत से गांव में तनाव…

सहारनपुर: सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना क्षेत्र के गांव तितपाल में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई. इस हिंसक झड़प में 10वीं कक्षा के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मचा है.
जानकारी के अनुसार गांव निवासी आरिफ के घर के सामने कुंडा निवासी नसीरु की जमीन स्थित है. बाबर, मुकर्रम और शाकिर अपनी उक्त जमीन पर पहुंचे थे. इसी दौरान कूड़ा डालने को लेकर आरिफ के परिजनों से उनका विवाद हो गया. शुरुआत में हुई कहासुनी कुछ ही देर में उग्र हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
इस दौरान आरिफ का 17 वर्षीय बेटा आहत, जो कक्षा 10 का छात्र था, गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. उपचार के दौरान आहत ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही सरसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. रुचि गुप्ता सीओ ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है.
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है.










