नवा रायपुर में राजस्थानी महल जैसा ब्रह्मकुमारी ‘शांति-शिखर’:जोधपुरी पिंक स्टोन, ब्रिज-टेक्निक, डोनेशन से बना; मोदी बोले-आचरण ही सबसे बड़ा धर्म, तप और ज्ञान है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर के सेक्टर-20 स्थित ब्रह्मकुमारी संस्थान के नव-निर्मित मेडिटेशन सेंटर ‘शांति शिखर- एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड’ का लोकार्पण किया। लगभग 1.5 एकड़ में बने इस भवन की खास बात ये है कि इसे दान के पैसों से राजस्थानी महल के लुक में बनाया गया है।
इस दौरान मोदी ने कहा कि हमारे यहां कहा जाता है आचरण ही सबसे बड़ा धर्म, तप और ज्ञान है। राज्य के विकास में ही देश का विकास है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। भारत की विकास यात्रा में ब्रह्मकुमारी जैसी संस्थाओं की बड़ी भूमिका है।
मोदी ने कहा कि ब्रह्मकुमारी संस्था से जुड़ा हूं। मैं अतिथि नहीं, परिवार का हिस्सा हूं। मैंने आध्यात्मिक आंदोलन को वटवृक्ष की तरह बढ़ते देखा है। आचरण ही सबसे बड़ा धर्म, तप और ज्ञान है। कथन और करनी में एकता ही असली बदलाव लाती है। ब्रह्मकुमारी में हर बहन खुद को कठोर तप और साधना में तपाती हैं।










