BREAKING: जगदलपुर में ACB का बड़ा एक्शन, 10 हजार की रिश्वत लेते महिला आरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

जगदलपुर, 23 जुलाई 2026। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। महिला आरक्षक पर आरोप है कि सड़क दुर्घटना के एक मामले में जब्त ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए कोर्ट के आदेश के बावजूद रिश्वत की मांग की गई थी।

जानकारी के अनुसार, कोड़ेनार पुलिस ने सड़क दुर्घटना से जुड़े मामले में एक ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन सौंपने का आदेश दिया। इसके बावजूद आरोप है कि ट्रैक्टर रिलीज करने के एवज में महिला आरक्षक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही महिला आरक्षक ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई सरकारी कर्मचारियों में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की सख्त मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com