सोने को भी पछाड़कर चांदी की कीमतों में बंपर उछाल! रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा चांदी का भाव, जानिए तेजी की बड़ी वजह और आज का रेट

दिल्ली।त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही भारतीय सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल देखने को मिल रहा है।

दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी का भाव जबरदस्त तेजी के साथ ₹1,71,500 प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया है। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमतों में पिछले कुछ सत्रों में ₹17,500 प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो इसकी अब तक की सबसे तेज रैलियों में से एक है।

वहीं, इसके मुकाबले सोने की कीमतों में मामूली गिरावट आई है, जिससे निवेशकों को चांदी ने इस साल सोने से भी कहीं अधिक रिटर्न दिया है।

तेजी के पीछे क्या है कारण?

विशेषज्ञों का मानना है कि चांदी की कीमतों में इस अभूतपूर्व उछाल के पीछे कई वैश्विक और घरेलू कारक काम कर रहे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चांदी $50 प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई है। सबसे बड़ा कारण दुनिया भर में सप्लाई की कमी और औद्योगिक मांग में जोरदार बढ़ोतरी है।

सौर पैनलों (Solar Panels), इलेक्ट्रिकल उपकरणों और मेडिकल जैसे विभिन्न उद्योगों में चांदी का उपयोग तेज़ी से बढ़ा है, जिससे मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर आ गया है।

इसके अलावा, डॉलर के कमजोर होने और वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश (Safe-Haven Demand) के रूप में चांदी की तरफ निवेशकों का बढ़ता आकर्षण भी इसकी कीमतों को आसमान पर ले जा रहा है।

घरेलू बाजार में करवा चौथ और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के चलते भी चांदी के आभूषणों और सिक्कों की मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है।

इस रिकॉर्ड तोड़ तेजी के कारण कई जगहों पर चांदी की किल्लत भी महसूस की जा रही है और कुछ ज्वैलर्स ने तो नए ऑर्डर लेना भी बंद कर दिया है।

आज (शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025) 99.9% शुद्धता वाली चांदी का भाव ₹1,71,500 प्रति किलोग्राम रहा, जबकि 24 कैरेट (99.9%) सोना ₹600 की गिरावट के साथ ₹1,26,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि औद्योगिक मांग और सप्लाई की कमी को देखते हुए आने वाले दिनों में चांदी की कीमतों में यह तेजी जारी रह सकतीहै।

close