मैहर में पुतला दहन बना हादसा, आग की लपटों में झुलसे ट्रैफिक टीआई, हालत गंभीर

मैहर : शहर में शुक्रवार सुबह कांग्रेस द्वारा अग्रसेन चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया.पुतला दहन के समय आग अचानक भड़कने से ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें तत्काल मैहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए आईसीयू में उपचार जारी है.आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल या जबलपुर रेफर किए जाने की तैयारी भी की जा रही है.

मंत्री के बयान के विरोध में प्रदर्शन

यह प्रदर्शन प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित विवादित बयान के विरोध में आयोजित किया गया था.बताया जा रहा है कि मंत्री द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ अपशब्द कहे जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश था। इसी के चलते जिला कांग्रेस कमेटी ने पुतला दहन का कार्यक्रम तय किया था.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में किया जा रहा था.कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी और सुबह 9 बजे प्रदर्शन प्रस्तावित था.करीब 9:30 बजे जैसे ही पुतला दहन शुरू हुआ, हालात अचानक बिगड़ गए.
आग पर काबू पाने के प्रयास में झुलसे टीआई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुतला जलाने के दौरान पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग किया गया था.इसी दौरान आग तेजी से भड़क उठी.ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक मौके पर कानून-व्यवस्था संभालने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे.अचानक आग की लपटें उनकी वर्दी तक पहुंच गईं, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए.

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया.

शरीर के कई हिस्से झुलसे, ICU में उपचार जारी
सिविल अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, टीआई विक्रम सिंह की कमर, पीठ, जांघ और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं.उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है और विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार जारी है.
एसपी ने जताई चिंता, ज्वलनशील पदार्थों पर रोक की अपील
घटना के बाद मैहर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.उन्होंने सार्वजनिक स्थानों, खासकर चौराहों और बाजारों में पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर सख्त आपत्ति जताई.उनका कहना है कि ऐसे कृत्यों से आम नागरिकों की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की बात कही है.

नारेबाजी के बीच अफरातफरी
हादसे के समय एक ओर पुलिसकर्मी टीआई की वर्दी में लगी आग बुझाने में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते नजर आए. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.
मैहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुआ यह हादसा प्रशासन और राजनीतिक दलों दोनों के लिए चेतावनी है.

सार्वजनिक स्थानों पर पुतला दहन और ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग से किस तरह जानलेवा स्थिति बन सकती है, यह घटना उसका ताजा उदाहरण है.फिलहाल सभी की निगाहें टीआई विक्रम सिंह पाठक के स्वास्थ्य पर टिकी हैं, और शहर में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.

close