कार से स्टंट, कैमरे में कैद और फिर गिरफ्तारी—जगदीशपुर पुलिस की सख्ती

अमेठी : जनपद के जगदीशपुर बस स्टेशन परिसर में कार से खतरनाक स्टंटबाजी करना एक युवक को महंगा पड़ गया.स्टंट करते हुए युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जगदीशपुर पुलिस हरकत में आई और आरोपी चालक को कार समेत हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी.
दरअसल, 28 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कस्बा जगदीशपुर स्थित बस स्टैंड परिसर में एक व्यक्ति कार से खतरनाक तरीके से स्टंट करता दिखाई दे रहा था. वीडियो की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमेठी श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी श्री ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना श्री अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना जगदीशपुर पुलिस ने जांच की.जांच में स्टंट करने वाली अल्टो कार (यूपी 32 जेसी 8936) के चालक की पहचान अफसार पुत्र इसरार निवासी ग्राम पूरे तालबेन मजरे निसूरा, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई.
दिनांक 29 दिसंबर 2025 को जगदीशपुर पुलिस ने आरोपी अफसार को कार समेत हिरासत में ले लिया. पुलिस द्वारा वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत तथा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है.साथ ही शांति भंग की धारा में चालान की कार्रवाई भी की जा रही है.
पूरे मामले पर जगदीशपुर थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी को कार समेत हिरासत में लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.
गिरफ्तार अभियुक्त
अफसार पुत्र इसरार, निवासी ग्राम पूरे तालबेन मजरे निसूरा, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी, उम्र लगभग 30 वर्ष.









