सहारनपुर में बिना अनुमति प्रदर्शन: 6 नामजद, 120 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सहारनपुर: शिया समुदाय के धर्मगुरु अयातुल्ला अली खामनेई की कथित हत्या की खबर के विरोध में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस ने इस प्रकरण में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है, जबकि 120 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है.

बताया जाता है कि ईरान में इजरायल द्वारा किए गए कथित हमले के विरोध में रविवार को शिया समुदाय के लोगों ने जाफर नवाज स्थित शिया मस्जिद से चौकी सराय तक काले झंडे हाथ में लेकर जुलूस निकाला और विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की. पुलिस ने बिना अनुमति जुलूस और प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की.

थाना कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके अलावा 120 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी मामला दर्ज कर उनकी पहचान की जा रही है. एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि ईरान के सुप्रीम लीडर की मृत्यु की खबर के बाद बिना अनुमति प्रदर्शन किया गया था, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया.

उन्होंने कहा कि करीब छह लोग नामजद हैं और 120 अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का प्रदर्शन कानून के दायरे में रहकर और प्रशासन से अनुमति लेकर ही किया जाए. कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है.

close