हाथरस: विद्युत विभाग के कैशियर को ड्यूटी काउंटर पर ही आया अटैक, हुई मौत, विभाग में शोक की लहर

हाथरस: हाथरस जनपद के सिकंदरा राऊ तहसील क्षेत्र अंतर्गत पुरदिलनगर कस्बे में रविवार को विद्युत विभाग के एक कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. इस दुखद घटना से विभागीय कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.

मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो पुरदिलनगर स्थित विद्युत सब स्टेशन पर कैशियर के पद पर तैनात थे. बताया जा रहा है कि रविवार को अशोक कुमार रोज की तरह अपने कैश काउंटर पर बैठकर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज सीने में दर्द हुआ और वह वहीं काउंटर पर गिर पड़े. घटना के बाद सब स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
साथी कर्मचारियों ने तत्काल परिजनों को फोन से सूचना दी और बिना समय गंवाए उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा राऊ लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है.
अशोक कुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि अशोक कुमार एक कर्मठ और ईमानदार कर्मचारी थे. विभागीय सूत्रों के अनुसार उनकी सेवानिवृत्ति में मात्र दो माह का समय शेष था, लेकिन रिटायरमेंट से पहले ही यह दुखद घटना घट गई, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को हर संभव सहयोग देने की बात कही है.









