वेलेंटाइन वीक में बदला गिफ्ट देने का अंदाज, गुलाब की जगह चिप्स, स्नैक्स और स्मार्ट गैजेट्स की बढ़ी मांग

वेलेंटाइन वीक की शुरुआत रोज डे के साथ हो चुकी है। इस मौके पर बाजारों में गुलाब की अच्छी बिक्री देखने को मिली। कपल और परिवार के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाब देकर दिन को खास बनाया। सबसे ज्यादा मांग लाल, गुलाबी, पीले और सफेद गुलाबों की रही। फूल व्यापारियों के अनुसार, वेलेंटाइन डे को लेकर पहले से ही बुकिंग शुरू हो चुकी है।

वेलेंटाइन वीक के साथ ही होटल और रिसोर्ट भी पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गए हैं। कपल के लिए थीम पार्टी, पूल साइड कैंडल लाइट डिनर और लाइव सिंगिंग का आयोजन किया जा रहा है। कई होटलों में रेड थीम पर सजावट की जा रही है। रिसोर्ट और होटल प्रबंधन का कहना है कि इस बार पहले से ही अच्छी बुकिंग हो चुकी है।

इस बार युवाओं के बीच गिफ्ट देने के तरीके में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब गुलदस्तों में केवल फूल ही नहीं, बल्कि चिप्स, स्नैक्स, चॉकलेट, प्रोटीन बार और ग्रूमिंग किट को भी सजाकर शामिल किया जा रहा है। इसके अलावा बाथ और बॉडी केयर प्रोडक्ट, हेयर क्लिप और अन्य एक्सेसरीज से बने गुलदस्ते भी खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

बाजार में गिफ्ट की दुकानों पर ब्लूटूथ स्पीकर, स्मार्ट वॉच, प्रिंटेड मग, फोटो फ्रेम, परफ्यूम, टेडी बीयर, कपल रिंग और म्यूजिकल कार्ड की अच्छी मांग है। दुकानदारों का कहना है कि वेलेंटाइन वीक के दौरान बिक्री में काफी बढ़ोतरी होती है और इस बार भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

14 फरवरी को शहर में सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। गीत-संगीत से जुड़ी विशेष शाम आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी वेलेंटाइन सेलिब्रेशन के कार्यक्रम तय किए गए हैं।

जेसीआइ ग्वालियर की ओर से पूरे सप्ताह ऑनलाइन और ऑफलाइन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कपल और बच्चों के लिए फन एक्टिविटी रखी जाएंगी, वहीं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अंतिम दिन पुरस्कृत किया जाएगा।

वेलेंटाइन डे को प्रेम और रिश्तों के सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इस दिन का उद्देश्य भावनाओं को खुलकर व्यक्त करना और अपने प्रियजनों के साथ समय बिताना है। अब यह दिन केवल कपल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि परिवार और दोस्तों के साथ भी मनाया जाने लगा है।

वेलेंटाइन वीक की तारीखें इस प्रकार हैं—
8 फरवरी: प्रपोज डे
9 फरवरी: चॉकलेट डे
10 फरवरी: टेडी डे
11 फरवरी: प्रॉमिस डे
12 फरवरी: हग डे
13 फरवरी: किस डे
14 फरवरी: वेलेंटाइन डे

close