राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी के निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री साय ने किया निरीक्षण, समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर और कोंडागांव के बीच निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी का निरीक्षण कर सड़क निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के तहत बस्तर अंचल के विकास को गति देने के लिए इस राष्ट्रीय राजमार्ग को प्राथमिकता दी जा रही है। यह मार्ग कोंडागांव से शुरू होकर नारायणपुर और कुतुल होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक जाता है, जहां से आगे यह अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ता है। इसके पूर्ण होने से बस्तर क्षेत्र का सीधा संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से स्थापित होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी की कुल लंबाई लगभग 195 किलोमीटर है, जिसमें से करीब 122 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ राज्य में आता है। कोंडागांव से नारायणपुर तक लगभग 50 किलोमीटर और नारायणपुर से कुतुल तक करीब 50 किलोमीटर का मार्ग निर्माणाधीन है। शेष हिस्सा महाराष्ट्र सीमा तक फैला हुआ है। सड़क के पूरा होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से अबूझमाड़ क्षेत्र में इस परियोजना के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस प्राप्त हुई, जिससे निर्माण कार्य को गति मिली। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि बस्तर के विकास का मार्ग है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस परियोजना से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास की गति तेज होगी। इससे क्षेत्र में विश्वास, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










