उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर, सरगुजा में घना कोहरा:सिर्फ 20 मीटर रही विजिबिलिटी, 4 दिनों में ठंड और बढ़ेगी, स्किन संबंधी समस्याएं बढ़ीं

छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मौसम विभाग ने कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई है। हालांकि इसके बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है, यानी आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी। इन चार दिनों बाद प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने के आसार भी बन रहे हैं

अब भी उत्तर और मध्य क्षेत्र में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में सुबह तक घना कोहरा छाया रहा, यहां विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 20 मीटर तक रह गई थी। वहीं दिसंबर में ठंड बढ़ने से स्किन से संबंधित समस्या भी बढ़ी हैं।

मेकाहारा में हर दिन औसतन 300-350 मरीज पहुंच रहे हैं। ज्यादातर को ड्राई स्किन, एक्जिमा और सोरायसिस की शिकायत है। डर्मेटोलॉजी डिपार्टमेंट के HOD डॉक्टर मृत्युंजय सिंह ने बताया- ठंड में ये आम है, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया तो खतरा बढ़ सकता है।

दिसंबर में ज्यादातर शहरों का तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा और जगदलपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे चला गया और वहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई।

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6°C, पेंड्रा में 8.2°C और जगदलपुर में 9.6°C, दुर्ग में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 29.3°C जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 6°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में नगर निगम ने कई जगहों पर अलाव का इंतजाम किया

रायपुर में शीतलहर का असर बढ़ते ही नगर निगम ने आम लोगों को राहत देने के लिए शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। निगम ने 12 से अधिक लोकेशन पर रातभर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बेघर, राहगीरों और आम नागरिकों को ठंड से तुरंत राहत मिल सके।

रायपुर नगर निगम की मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देशों के बाद सभी जोन कमिश्नरों और जोन हेल्थ अधिकारियों से रात में फील्ड में रहने और अलाव के इंतजाम की निगरानी करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी जारी की एडवाइजरी

स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी है कि अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान, केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com