इटावा : शहनाइयों के बीच मौत की दस्तक, विवाह समारोह में हुआ दर्दनाक हादसा

इटावा :-शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया.शहर के कटरा फतेह मकसूद खां क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई. इस घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह गम में बदल गया और समारोह स्थल पर चीख-पुकार मच गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद के धूमनगंज थाना क्षेत्र स्थित टीजी नगर निवासी विशाल (19 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजकुमार, अपने किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था.समारोह के दौरान सजावट और अन्य व्यवस्थाओं के बीच अचानक वह करंट की चपेट में आ गया.करंट लगते ही विशाल मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए.

परिजन और रिश्तेदार आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.जिस घर में कुछ देर पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहां मातमी सन्नाटा पसर गया। शादी की रस्में रोक दी गईं और पूरा समारोह शोक में डूब गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बिजली की व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खुले तार या असुरक्षित विद्युत कनेक्शन के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.इस दर्दनाक घटना ने शादी समारोहों में बिजली से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

close