धमतरी: दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत, पुलिस ने किया मर्ग कायम

धमतरी: धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में 14 दिसंबर, 2025 की शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें अनियंत्रित बाइक के सूचना बोर्ड से टकराने के कारण दो ग्रामीणों की मौत हो गई. वहीं तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की ठोकर से पुरूर थाना क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई है.
मिली जानकारी अनुसार अमलीडीह तालाब मोड़ के पास हुई ग्राम डूमरपाली निवासी तुलाराम निषाद पिता स्व. लखन निषाद उम्र 55 वर्ष और भुनेश्वर पटेल पिता सेवाराम पटेल उम्र 48 वर्ष मोटरसाइकिल में किसी काम से मगरलोड आए थे. वापस घर जाते वक्त शाम 7.35 बजे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर अमलीडीह तालाब मोड़ के पास लगे दिशा सूचना बोर्ड से टकरा गई. टकराने से तुलाराम निषाद एवं भुवनेश्वर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को शासकीय वाहन 108 से इलाज हेतु शासकीय अस्पताल मगरलोड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद युवक गंभीर हालत में पड़ा था:
वहीं दूसरी घटना में पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम कुलिया के तालाब के पास एक युवक घायल पड़ा था जिसे उपचार के लिये गुरूर अस्पताल भेजा गया। हालत के चलते घायल को धमतरी रिफर कर दिया गया. देर रात्रि घायल युवक को संजीवनी 108 की मदद से उपचार के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया जहां कुछ देर बाद घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की पहचान शांति नगर गुरूर निवासी संतोष कोर्राम पिता फूलसिंग उम्र 32 वर्ष के रूप में की गई.
बताया गया है कि रविवार की रात्रि कुलिया तालाब के पास मुख्य मार्ग में अज्ञात वाहन युवक को ठोकर मार फरार हो गया. घटना के बाद युवक गंभीर हालत में पड़ा था। पुलिस ने उक्त दोनों मामलों में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है.









