अंडरवर्ल्ड की धमकियों से दहशत में था धवन परिवार, वरुण धवन ने सुनाया पुराना किस्सा

बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक पुराना और चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि एक समय उनके परिवार को अंडरवर्ल्ड से धमकियों का सामना करना पड़ा था। इस वजह से उन्हें अपना घर तक छोड़ना पड़ा था।
वरुण धवन ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके पिता डेविड धवन उस दौर में इंडस्ट्री के बड़े निर्देशकों में शामिल थे। उसी दौरान उन्हें अंडरवर्ल्ड से लगातार कॉल्स आने लगे थे। शुरुआत में परिवार को इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन घर पर बार-बार फोन आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
उन्होंने बताया कि घर के स्टाफ ने एक कॉल के दौरान बहस करते हुए अनजाने में घर का पता और मिलने की जगह तक बता दी थी। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। एक व्यक्ति ने डेविड धवन को फोन कर चेतावनी दी कि सामने वाला शख्स हथियार लेकर आने की बात कर रहा है और उसे उनके घर और ऑफिस की पूरी जानकारी है।
इस घटना के बाद परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें कुछ समय के लिए घर छोड़कर दूसरी जगह रहना पड़ा। वरुण धवन ने कहा कि यह घटना सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन उस समय उनके लिए यह बेहद डरावना अनुभव था।
उन्होंने यह भी बताया कि उस दौर में बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के बीच संबंधों और धमकियों की खबरें आम थीं और कई बड़े सितारों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था।









