भिलाई में इंस्टाग्राम रील को लेकर पति-पत्नी के विवाद ने ली महिला की जान

भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद ने एक महिला की मौत का कारण बन गया। 35 वर्षीय अंजली साव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले में मर्ग कायम किया गया।
जानकारी के अनुसार अंजली अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थीं। अंजली इंस्टाग्राम पर सक्रिय थीं और रील बनाती थीं, जो उनके पति को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर 30 जनवरी को दोनों के बीच कहासुनी हुई। शाम के समय जब बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए, उसी दौरान अंजली ने खौफनाक कदम उठाया। बच्चों के लौटने पर उन्होंने अपनी मां को अचेत अवस्था में देखा और शोर मचाया।
सूचना मिलने पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में स्वजनों को सौंप दिया गया। महिला का अंतिम संस्कार रविवार को किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंजली पहले भी आत्महानि का प्रयास कर चुकी थीं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।










