बलिया में डीएम की सख्ती: चेतावनी से हड़कंप, लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले दो अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

बलिया: यूपी के बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह द्वारा विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने भरौली क्षेत्र के पास कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए. खनन का नवीनीकरण कार्य संतोषजनक पाया गया. वहीं विद्युत विभाग द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष कम राजस्व प्राप्त होने पर नाराजगी जताते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. मंडी समिति और परिवहन विभाग का राजस्व लक्ष्य भी कम पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए गए.
जिलाधिकारी ने कहा कि अब मासिक लक्ष्य के बजाय वार्षिक लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य किया जाए. मार्च तक सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्य हर हाल में पूरा करें और वसूली में तेजी लाएं. वाणिज्य कर विभाग की प्रगति 77 प्रतिशत ही पाए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा गया. वहीं स्टांप एवं निबंधन (सदर) से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया. साथ ही सरकारी राशन दुकानों की स्थिति की भी समीक्षा की गई.
जिलाधिकारी ने जानकारी ली कि कितनी दुकानें रिक्त हैं और निर्देश दिया कि जो भी दुकानें खाली हैं, उनका आवंटन नियमों के अनुसार शीघ्र किया जाए. जहां मतभेद की स्थिति है, वहां तहसील स्तरीय समिति द्वारा निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2024 से जो भी राशन दुकानें रिक्त पाई जाएंगी, उनके लिए संबंधित एसडीएम, बीडीओ एवं सप्लाई इंस्पेक्टर की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी.
कहा किसी भी स्थिति में 15 दिनों के भीतर दुकान संचालन शुरू हो जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दुकान के निरस्त होने की स्थिति में वह एक माह से अधिक समय तक रिक्त न रहे. इसके अलावा जिन स्थानों पर अन्नपूर्णा भवन का निर्माण हो चुका है, वहां कोटेदार द्वारा उसी भवन से राशन वितरण सुनिश्चित कराया जाए. किसी अन्य स्थान से अतिरिक्त वितरण न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.











