चुनाव गए, वादे गए… पाली ट्रांसपोर्ट नगर आज भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रहा

पाली : पाली स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुनियादी सुविधाओं की कमी एक बार फिर सवालों के घेरे में है.ऑटो के ऊपर रखी पानी की टंकी यहां की जमीनी हकीकत बयां कर रही है, जो चुनावी घोषणाओं और वास्तविकता के बीच के फर्क को साफ तौर पर दिखाती है। नगर पंचायत और ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के वादे किए गए थे, लेकिन चुनाव बीतने के बाद आज तक उन पर अमल नहीं हो सका है.
दरअसल, पाली ट्रांसपोर्ट नगर ग्राम पंचायत सरायपाली और नगर पंचायत पाली की सरहद पर स्थित होने के कारण लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है. नगर पंचायत चुनाव से पहले जनप्रतिनिधियों द्वारा यहां हाई मास्क लाइट और पानी की टंकी स्थापित करने की घोषणाएं की गई थीं, लेकिन दोनों ही चुनाव संपन्न होने के बावजूद आज तक न तो लाइट लग पाई और न ही स्थायी जल व्यवस्था हो सकी.
पानी की समस्या से जूझ रहे ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारियों ने मजबूरी में आपसी सहयोग से एक खराब ऑटो पर पानी की टंकी लगाकर अस्थायी समाधान निकाला है.इसी टंकी से इलाके के व्यापारियों और वाहन चालकों की पानी की जरूरतें पूरी की जा रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि यह व्यवस्था केवल अस्थायी है और लंबे समय तक इस पर निर्भर रहना संभव नहीं है.
वहीं, इलाके में पर्याप्त रोशनी न होने के कारण सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं.रात के समय अंधेरा रहने से पहले भी खड़े वाहनों से डीजल चोरी और अन्य चोरियों की घटनाएं हो चुकी हैं.इस समस्या को लेकर व्यापारियों ने जनप्रतिनिधियों के सामने कई बार हाई मास्क लाइट लगाने की मांग रखी, जिस पर उन्हें केवल आश्वासन ही मिला.
ट्रांसपोर्ट नगर में सुविधाओं के अभाव को लेकर अब व्यापारियों में रोष देखा जा रहा है.उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं.अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पंचायत पाली या ग्राम पंचायत सरायपाली इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाती है या फिर ट्रांसपोर्ट नगर यूं ही उपेक्षा का शिकार बना रहेगा.










